मोरहाबादी मैदान में एक्सपो उत्सव का उद्घाटन, राज्यपाल बोले- झारखण्ड के स्थानीय उत्पादों में व्यापक संभावनाएं

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एक्सपो उत्सव 2026 में झारखंड के स्थानीय उत्पादों को गुणवत्ता, तकनीक और ब्रांडिंग से वैश्विक पहचान दिलाने तथा युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में एक्सपो उत्सव 2026’ का उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि झारखण्ड के स्थानीय उत्पादों में व्यापक संभावनाएं हैं। गुणवत्ता, बेहतर डिजाइन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से इन्हें देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने तसर सिल्क की विशेष पहचान का उल्लेख करते हुए अन्य स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने कहा कि उद्यमिता आत्मनिर्भरता, रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। झारखण्ड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और तकनीकी सहयोग देकर नए उद्यमों के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया ने व्यापार के तौर-तरीकों को तेजी से बदला है। छोटे उद्यम भी तकनीक के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सकते हैं। इसके लिए गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ग्राहक सेवा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

राज्यपाल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने विचारों को प्रयोग और उद्यम का रूप दें, नई तकनीक सीखें तथा समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजें। उन्होंने कहा कि उद्यमिता के साथ ईमानदारी, गुणवत्ता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। ग्राहक का विश्वास किसी भी व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी है। उद्यमी अपने व्यवसाय के साथ शिक्षा और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी योगदान दें।

राज्यपाल एक्सपो उत्सव को उत्पादों, सेवाओं और उद्यमियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए आयोजन के लिए जेसीआई को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प में युवा शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कामना की कि यह आयोजन नए विचारों को दिशा और झारखण्ड के उत्पादों को व्यापक पहचान देने का माध्यम बने।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।