रांची में सड़कों की सुरक्षा व गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सख्त, SDM ने गेल अधिकारियों व संवेदकों को दिए कड़े निर्देश

रांची में गेल के पाइपलाइन निर्माण से प्रभावित सड़कों को लेकर प्रशासन सख्त हुआ। अधिकारियों ने सड़क बहाली, सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता और तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में गेल द्वारा पाइपलाइन व अन्य निर्माण कार्यों के दौरान सड़कों की स्थिति और आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अनुमण्डल पदाधिकारी सदर कुमार रजत की अध्यक्षता में गेल के पदाधिकारियों और संबंधित संवेदकों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सड़कों की पूर्व स्थिति बहाल करने, सुरक्षा मानकों का पालन करने और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान अनुमण्डल पदाधिकारी सदर कुमार रजत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य शुरू करने से पहले सड़क जिस स्थिति में थी, काम पूरा होने के बाद उसे अनिवार्य रूप से उसी स्थिति में बहाल किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण या पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को कार्य पूरा होते ही तत्काल भरा जाए और सड़क को समतल व आवागमन योग्य बनाया जाए ताकि आम जनता को लंबे समय तक आवाजाही में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा मानकों पर जोर देते हुए एसडीएम ने निर्देश दिया कि कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उचित बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पैदल यात्रियों और वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्था करने तथा किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई।

इसके साथ ही, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के उद्देश्य से गेल के अधिकारियों को एनएचएआई और पथ निर्माण विभाग के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर काम करने का निर्देश दिया गया। अनुमण्डल पदाधिकारी ने संवेदकों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा पूरी तरह बनी रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।