
रांची: झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत रिम्स रांची को विकास कार्यों और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन के लिए 100 करोड़ रुपये की सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस राशि का उपयोग रिम्स के ढांचागत विकास के साथ-साथ राज्य सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा। इसमें ‘मुख्यमंत्री निःशुल्क डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच योजना’ तथा ‘मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर व ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग योजना’ शामिल हैं। इसके अंतर्गत पीपीपी मोड पर कार्यरत एजेंसियों के बकायों का भुगतान भी किया जाएगा।
विभाग के अनुसार स्वीकृत राशि की निकासी रांची कोषागार से की जाएगी। योजना के निष्पादन के लिए रिम्स के निदेशक को निकासी व व्ययन पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि उनका नियंत्रण स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के पास रहेगा। अस्पताल के खर्चों के लिए राशि की निकासी चिकित्सा अधीक्षक की अनुशंसा पर होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस राशि का खर्च वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर ही करना अनिवार्य होगा और शासी निकाय की मंजूरी के बाद नियमानुसार सभी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही योजनाओं को लागू किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद निदेशक रिम्स को महालेखाकार एवं स्वास्थ्य विभाग को इसका उपयोगिता प्रमाण-पत्र सौंपना होग।

