अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर स्वास्थ्य विभाग रेस, राज्यभर में होगा सामूहिक योगाभ्यास

झारखंड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियां तेज हैं, 21 जून को पूरे राज्य में स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास होगा

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के अभियान निदेशक सह निदेशक आयुष शशि प्रकाश झा ने बताया कि 21 जून को राज्य के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, पार्क, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और चिकित्सा महाविद्यालयों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग है। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द जैसी बीमारियों की रोकथाम और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में योग की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि योग दिवस कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रतिभाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे कर्मचारी कम समय में योगाभ्यास कर तनावमुक्त रह सकें और कार्यक्षमता बढ़ा सकें। इसके अलावा योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में सिकल सेल और ब्लड कोषांग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।