
रांची: कोयला सप्लाई के नाम पर करीब 29 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में रांची के बीआईटी मेसरा ओपी में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता कारोबारी अभिषेक कुमार ने आरोप लगाया है कि एडवांस पेमेंट लेने के बावजूद न तो कोयला सप्लाई की गई और न ही रकम वापस की गई।
जानकारी के मुताबिक, उनकी कंपनी श्रीहरी कार्बन एनर्जी एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने वर्ष 2025 में एसके सिवांस एस्टेब्लाइजर प्राइवेट लिमिटेड के साथ कोयला आपूर्ति को लेकर समझौता किया था। इस डील के तहत अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस के जरिए कुल 29 लाख रुपये से अधिक की राशि एडवांस के रूप में भेजी गई थी।
आरोप है कि भुगतान मिलने के बाद भी तय समय पर कोयले की सप्लाई नहीं की गई। जब जांच की गई तो जिस कोयला स्टॉक को दिखाकर सौदा किया गया था, वह मौके पर मौजूद ही नहीं मिला। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूछताछ करने पर आरोपी पक्ष लगातार बहाने बनाकर समय टालता रहा। इस मामले में अविनाश कुमार गुप्ता और अवधेश पाठक की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि कोयला न मिलने की वजह से उनका ऑर्डर रद्द हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, एडवांस राशि वापस मांगने पर कथित तौर पर टालमटोल और धमकी भरे जवाब भी मिले। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।

