
Jharkhand News: रविवार सुबह जगन्नाथपुर अनुमंडल के सेरेंगसिया घाटी में एक भारी ट्रेलर पलटने से चाईबासा-जगन्नाथपुर रोड पूरी तरह ठप हो गया। ट्रेलर नोवामुंडी से चाईबासा की ओर जा रहा था, लेकिन घाटी के संकरे और खराब रास्ते पर चढ़ाई के दौरान अनबैलेंस होकर पलट गया। इससे रोड पर भारी जाम लग गया।
जाम के कारण फोर-व्हीलर्स से लेकर पैदल राहगीर तक फंस गए। लोग जंगल के रास्ते मोटरसाइकिल या पैदल सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि घाटी का रास्ता पहले से ही खराब है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
पथ निर्माण विभाग ने इस रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर बैन लगाया हुआ है। इसके बावजूद ट्रेलर और अन्य हैवी व्हीकल्स बेरोकटोक चल रहे हैं। चेकनाका पर तैनात पुलिसकर्मी भी इन वाहनों को नहीं रोक रहे, जिससे विभागीय नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।
हादसे के बाद रोड क्लियर करने की कोशिश जारी है, लेकिन अभी तक मार्ग बहाल नहीं हो सका। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।

