
रांची: राजधानी रांची के मांडर स्थित टोल प्लाजा पर देर रात अचानक उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब करीब 50 से 60 लोगों की भीड़ ने वहां धावा बोल दिया। इस हमले में टोल मैनेजर समेत कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। जानकारी के मुताबिक, एक शादी समारोह में जा रही बारात के कुछ लोग नियमों को नजरअंदाज करते हुए गलत रास्ते से टोल पार करने की कोशिश कर रहे थे। ये लोग उस लेन से निकलना चाहते थे, जो आमतौर पर बाइक और ऑटो के लिए निर्धारित है। जब ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका, तो विवाद बढ़ने लगा।
कुछ ही मिनटों में हिंसा में बदला विवाद
देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि बारात में शामिल लोगों ने टोल प्लाजा पर हमला कर दिया और कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि टोल मैनेजर को खास तौर पर निशाना बनाया गया। उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। इस घटना में आधा दर्जन से ज्यादा कर्मचारी घायल हो गए।
महिला कर्मचारियों से भी बदसलूकी
हंगामे के दौरान महिला कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने टोल प्लाजा पर पत्थरबाजी भी की, जिससे वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। टोल प्रबंधन की ओर से मांडर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। इस पूरे मामले पर रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा है कि टोल प्लाजा पर हमला हुआ है और शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा भी किया है।

