सड़क हादसे में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन समेत दो की मौत

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: दुमका के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। दलदली गांव के पास सड़क दुर्घटना में नवविवाहित दुल्हन चुमकई हांसदा और एक अन्य व्यक्ति डुनुस सोरेन की दुखद मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घायलों का इलाज दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के मुताबिक, शिकारीपाड़ा के नव पहाड़ गांव की चुमकई हांसदा की शादी बुधवार को पाकुड़ जिले के बबूईझूटी निवासी निर्मल मुर्मू के साथ संपन्न हुई थी।

दिन में शादी और रात में भोज के बाद, गुरुवार को विदाई का रिवाज न होने के चलते, दुल्हन को बुधवार देर रात ही ससुराल के लिए विदा कर दिया गया। दुल्हन सहित आठ लोग चार बाइकों पर सवार होकर बबूईझूटी की ओर रवाना हुए।

रास्ते में दलदली के पास एक पत्थर लोड ट्रक से गिरा पत्थर एक बाइक पर जा गिरा, जिससे चालक घायल हो गया। सभी बाइक सवारों ने सड़क किनारे रुककर घायल का हालचाल लेना शुरू किया।

तभी एक तेज रफ्तार खाली ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में डुनुस सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुल्हन समेत पांच लोग सीरियसली घायल हो गए।

घायलों को तुरंत दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चुमकई हांसदा ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में दूल्हा निर्मल मुर्मू बाल-बाल बच गया।

Share This Article