अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देवघर AIIMS में 30 बेड की अत्याधुनिक इमरजेंसी यूनिट शुरू, 20 बेड पर वेंटिलेटर सुविधा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Deoghar News: झारखंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को AIIMS में 30 बेड की अत्याधुनिक इमरजेंसी यूनिट का शुभारंभ किया गया। गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने इस सुविधा का उद्घाटन किया। यह यूनिट 24×7 गंभीर मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगी, जिससे देवघर और आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा सहारा मिलेगा।

20 बेड पर वेंटिलेटर, अत्याधुनिक उपकरण

इस इमरजेंसी यूनिट में 30 बेड में से 20 पर वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है। सभी बेड पर ऑक्सीजन सपोर्ट, हार्ट मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर और अन्य जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए हैं। यह यूनिट छाती में दर्द, सांस की तकलीफ, खांसी में खून, पेट दर्द जैसे गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को तुरंत उपचार प्रदान करने में सक्षम है। गंभीर रूप से घायल या बीमार मरीजों को तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया जा सकता है।

ट्रॉमा सेंटर और विशेष सुविधाएं जल्द

AIIMS प्रशासन ने बताया कि अगले तीन महीनों में इस इमरजेंसी यूनिट के तहत एक ट्रॉमा सेंटर भी शुरू होगा। यह सेंटर सड़क दुर्घटनाओं, सिर और रीढ़ की हड्डी की चोटों, छाती में गहरी चोटों जैसे मामलों का विशेष इलाज करेगा। इसके अलावा, अगले छह महीनों में ब्रेन हैमरेज और हृदय संबंधी आपात स्थितियों के लिए विशेष उपचार की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

Share This Article