
JT20 Final : रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित झारखंड टी-20 (JT20) लीग के फाइनल मुकाबले के दौरान भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। मैच देखने के लिए हजारों की संख्या में पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों के चलते स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर जबरदस्त दबाव बन गया, जिससे वेस्ट गेट पर धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैच शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में दर्शक एक साथ स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ अनियंत्रित हो गई और लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायल दर्शकों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र भेजा गया।
घटना के बाद दर्शकों में नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप था कि फाइनल मुकाबले को लेकर उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। बढ़ते आक्रोश के बीच कुछ लोगों ने वेस्ट गेट पर लगे बैरिकेड और गेट को नुकसान पहुंचाया, जिससे हालात कुछ देर के लिए और तनावपूर्ण हो गए।
मौके से सामने आई तस्वीरों में कई युवक स्टेडियम की ऊंची दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास करते दिखाई दिए। वहीं गेट के बाहर लोगों का बड़ा हुजूम जमा हो गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कतारबद्ध होकर प्रवेश करने की अपील की। सुरक्षा बलों के हस्तक्षेप के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए और दर्शकों का प्रवेश फिर से शुरू कराया गया।

