सरकारी और निजी स्कूल सुबह 6 से 12 तक ही चलेंगे: जगरनाथ महतो

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय सीमा में बदलाव की मांग की जा रही है।

इसपर बुधवार को राज्य के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार ने निर्देश दे दिया है कि सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह छह बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही खुलेंगे। उन्होंने कहा है, इस संदर्भ में अधिसूचना जल्द ही जारी हो जाएगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। हर जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसे देख स्कूलों के समय सीमा में बदलाव की मांग की जा रही थी।

प्रचंड गर्मी के कारण कई बच्चों की तबीयत खराब हो रही थी। बच्चों में उल्टी और दस्त की समस्या बढ़ गई है।

लू के चलते जनजीवन प्रभावित

झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को भी दिनभर लू का प्रकोप रहा। रांची समेत मेदिनीनगर, गढ़वा, चतरा, कोडरमा व गिरिडीह में लू के चलते जनजीवन प्रभावित रहा।

मेदिनीनगर 44.8 डिग्री सेसि के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं, गढ़वा का तापमान 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सात अन्य जिलों में भी पारा 40.0 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

गिरिडीह का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री रहा, लेकिन सामान्य से 5.4 डिर्ग्री अधिक रहने के चलते यहां लू की स्थिति बनी रही। रांची में शाम साढ़े 5 बजे अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री दर्ज किया गया।

यह सामान्य से 4.0 डिग्री ज्यादा था। दिन में गर्म पछुआ हवा चलने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। राज्य के उत्तर-पश्चिम व मध्य भाग में बुधवार-गुरुवार को भी कई स्थानों पर लू चलने की आशंका में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, गर्मी से फसलों-सब्जियों को भी होने वाले नुकसान से बचाने के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने एडवाइजरी जारी की है।

मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि बुधवार को गढ़वा, मेदिनीनगर, चतरा का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेसि रह सकता है।

वहीं, लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा व कोडरमा का पारा 42 से 43 डिग्री और राज्य के शेष भाग में तापामान 38 से 41 डिग्री रह सकता है।

राज्य के पूर्वी भाग में कुछ जगहों पर बादल छाने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन व वज्रपात की आशंका है।

Share This Article