
रांची: झारखंड में 1 अगस्त से ग्रामीण इलाकों की जमीन और मकान करीब 10 प्रतिशत तक महंगे हो जाएंगे। राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार 1 अगस्त से ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन और मकानों के सरकारी मूल्य (गाइडलाइन वैल्यू) में लगभग 10% की बढ़ोतरी लागू की जा रही है। इसका सीधा असर संपत्ति खरीदने वालों पर पड़ेगा, जिससे जमीन-मकान की खरीद-बिक्री के साथ-साथ रजिस्ट्री शुल्क और स्टाम्प ड्यूटी की लागत भी बढ़ जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सरकार हर दो साल में शहरी और ग्रामीण इलाकों की गाइडलाइन वैल्यू की समीक्षा कर दरों में संशोधन करती है। पिछले वर्ष शहरी क्षेत्रों की दरों में बढ़ोतरी की गई थी, जबकि इस वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों की कीमतों में इजाफा किया जा रहा है। इस फैसले की वजह से पुरानी दरों का लाभ उठाने के लिए निबंधन कार्यालयों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आवेदक शुक्रवार तक पुरानी दरों पर अपने दस्तावेजों की रजिस्ट्री करा सकेंगे। कचहरी और हिनू स्थित रजिस्ट्री कार्यालयों में जांच और निबंधन के लिए आम दिनों के मुकाबले ज्यादा भीड़ देखी जा रही है, क्योंकि नई दरें लागू होने के बाद खरीदारों को अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी।

