सरायकेला DC ने दंडाधिकारियों के साथ की बैठक

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सरायकेला: आगामी 19 सितंबर को होने वाले झारखंड लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2021 के सफल आयोजन को लेकर जिला सभागार में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी अरवा राजकमल की अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ बैठक हुई।

मौके पर उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर परीक्षा केंद्र पर किए गए तैयारियों का बारी-बारी से समीक्षा किया तथा सभी आवश्यक तैयारियों को ससमय पूर्ण कर एक अच्छे वातावरण में कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के आयोजन की सफलता केन्द्राधीक्षकों की सजगता पर निर्भर करेगा कि कितनी सुगमता से वे परीक्षा का आयोजन कराते हैं।

उन्होने बताया कि 24 घंटे और सातों दिन जिला स्तरीय कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। साथ ही, किसी भी तरह की समस्या आने पर वे उच्चाधिकारियों से भी तत्काल संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी प्रकार की परीक्षा से सम्बंधित समस्या समाधान हेतु चर्चा करनी हो तो वह व्हाट्सअप ग्रुप में या उप विकास आयुक्त के साथ सम्पर्क स्थापित कर सकते है।

बैठक के दौरान परीक्षा के सफल संचालन के लिए बेंच-डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने, दिव्यांग अभ्यर्थियों जिसे चलने फिरने में दिक्कत है उनके लिए रैम्प, प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग करने, सीटिंग व्यवस्था का चार्ट चिपकाने तथा परीक्षार्थियों के लिए पंखा, पेयजल, शौचालय, साफ सफाई की व्यवस्था, महिला व पुरुष परीक्षार्थियों के लिए शौचालय की अलग अलग व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

डीसी ने आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर अनुशासित तरीके से कार्य करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने केंद्र में परीक्षार्थियों को ससमय पेपर वितरण एवं कलेक्टिंग हो यह सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार के डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, टैबलेट, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी आदि ले जाना पूर्णत: निषेध रहेगा। साथ ही केंद्र के अंदर अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश भी वर्जित रहेगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 22 परीक्षा केंद्रों पर 9743 परीक्षार्थी भाग लेंगे। उन्होंने शिक्षकों को आयोग द्वारा जारी मार्गदर्शिका को अच्छे से अध्ययन करने को कहा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली की परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।

इस दौरान उन्होंने सभी समिति सदस्यों, केंद्राधीक्षक एवं संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष जिले में केंद्रवार परीक्षार्थियों की संख्या एवं केंद्र पर प्रतिनियुक्त किए गए पदाधिकारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को आपसी तालमेल स्थापित करते हुए एक दूसरे को सहयोग कर आयोग द्वारा जारी सभी मानको का अनुपालन सुनिश्चित कर कदाचार रहित परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।

Share This Article