लातेहार में हुए IED विस्फोट में महिला की मौत, महुआ चुननेके दौरान हुई घटना

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: लातेहार-लोहरदगा सीमा क्षेत्र स्थित बुलबुल जंगल में नक्सलियों के बिछाए लैंडमाइन्स में विस्फोट होने से सकुंती देवी (40) की मौत हो गई। मृतक महिला पलामू के पाकी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह एक रिश्तेदार के साथ जंगल में महुआ चुनने गई थी।

बताया जाता है कि सकुंती देवी का मायका लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर गांव में है। वह लातेहार थाना क्षेत्र स्थित गोताग गांव में एक रिश्तेदार के घर आई थी।

रिश्तेदार के साथ वह लातेहार और लोहरदगा सीमा क्षेत्र पर स्थित बुलबुल जंगल में महुआ चुनने गई थी। इसी दौरान जंगल में नक्सलियों के लगाए आइइडी बम में विस्फोट हो गया, जिसमें महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इसी लैंडमाइंस की चपेट में ग्रामीण आ जा रहे हैं

इस संबंध में लातेहार पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र में है। लोहरदगा पुलिस की मदद से पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि गत 12 अप्रैल को भी जंगल में महुआ चुनने गई लातेहार की एक महिला बम विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

वर्तमान में उसका इलाज भी रांची में चल रहा है। बताया जाता है कि उग्रवादियों ने पुलिस को निशाना बनाने के लिए जंगल में लैंडमाइंस लगाए हैं। इसी लैंडमाइंस की चपेट में ग्रामीण आ जा रहे हैं।

Share This Article