
Jharkhand Bandh : शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर छात्र संगठनों ने 29 मई को झारखंड में राज्यव्यापी चक्का जाम का आह्वान किया है। छात्र संगठन आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है। पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित रेडमा चौक को आंदोलन का प्रमुख केंद्र बनाया गया है, जहां सुबह 8 बजे से प्रदर्शन शुरू होने की बात कही गई है।
छात्र संगठनों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में लागू क्लस्टर सिस्टम को वापस लिया जाए। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में सीटों में कटौती का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि सीटें घटने से बड़ी संख्या में छात्रों के उच्च शिक्षा के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा शिक्षा के बढ़ते निजीकरण और बाजारीकरण को लेकर भी संगठनों ने चिंता जताई है।
छात्र नेताओं के अनुसार, इन मांगों को लेकर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारी किए जाने की संभावना है।

