झारखंड में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का 31 अक्टूबर तक मौका, 30 नवंबर को जारी होगी अंतिम सूची

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नाम जोड़ने, हटाने और विवरण सुधारने के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन करें। अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी होगी।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने तथा व्यक्तिगत विवरण में सुधार कराने का अवसर दिया गया है। निर्वाचन विभाग ने आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की है। वहीं, राज्य की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर से 11 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, 10 अक्टूबर तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के कुल 7,75,527 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इनमें 10 अक्टूबर को 12,571 आवेदन शामिल हैं। वहीं, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A के तहत 117 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं। नाम हटाने और सुधार के लिए भी आवेदन

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मतदाता सूची से नाम हटाने या इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के तहत अब तक 17,764 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं। इनमें 10 अक्टूबर को प्राप्त 541 आवेदन भी शामिल हैं।इसके अलावा, मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार कराने या एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म-8 के कुल 5,10,221 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इनमें 10 अक्टूबर को 5,184 आवेदन डिजिटाइज किए गए।

जानिए किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म  निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A, मतदाता सूची से नाम हटाने या इस संबंध में आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और नाम-पता सहित अन्य विवरणों में सुधार अथवा स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
31 अक्टूबर तक आवेदन करने की अपील

निर्वाचन विभाग ने योग्य नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या जिनके विवरण में किसी तरह की गलती है, वे 31 अक्टूबर 2026 तक संबंधित फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं।विभाग के अनुसार, झारखंड की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। ऐसे में मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी प्रविष्टियों की जांच कर लें और आवश्यक सुधार के लिए आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची में उनका विवरण सही तरीके से दर्ज हो सके।

Share This Article