राजकीय सम्मान के साथ इस दिन अलीगढ़ में होगा कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को राजकीय सम्मान के साथ अलीगढ़ में सम्पन्न होगा। राज्य सरकार ने अंत्येष्टि वाले दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

राज्य सरकार और भाजपा संगठन से मिली जानकारी के अनुसार कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को पहले विधान भवन फिर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में लोगों के दर्शन के लिए रखा जायेगा।

दोनों स्थानों पर श्रद्धांजलि देने के बाद उनका पार्थिव शरीर दोपहर बाद अलीगढ़ ले जाया जायेगा। वहां भी अलीगढ़ स्टेडियम में उनके पार्थिव शरीर को जनता के अंतिम दर्शन के लिये रखा जायेगा।

इसके बाद सोमवार को कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अतरौली ले जाया जायेगा, जहां आम जन व उनके समर्थक अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार को ही अपराह्न में नरोरा में गंगा के किनारे पूरे राजकीय सम्मान के साथ कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार होगा।

कल्याण सिंह का लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में आज रात करीब सवा नौ बजे निधन हो गया। गंभीर बीमारी के चलते वह चार जुलाई से ही एसजीपीजीआई में भर्ती थे।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन से भाजपा में शोक की लहर छा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सपा मुखिया अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती समेत देश और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं और सरकार के मंत्रियों ने कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उप्र कैबिनेट ने भी शनिवार देर रात करीब 11.30 बजे बैठक करके पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया। इस बीच प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की है।

Share This Article