
कोडरमा : भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडरमा में बिजली विभाग के एक लाइनमैन को 5 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को तिलैया थाना क्षेत्र में एसीबी की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। टीम को पहले से शिकायत मिली थी कि बिजली विभाग का एक लाइनमैन काम कराने के बदले रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। जैसे ही उसने पैसे लिए, एसीबी की टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
वहीं इस कार्रवाई के बाद झुमरी तिलैया बिजली सब-डिवीजन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

