

रांची : झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।





स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) की स्थिति केवल सामान्य मौसमी बदलाव नहीं है, बल्कि यह गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी और जागरूकता के साथ जरूरी सावधानियों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता लोगों की जान बचा सकती है।
मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जनों और स्वास्थ्य अधिकारियों को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, सनबर्न और लू से संबंधित मामलों के उपचार के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। अस्पतालों में ओआरएस, जरूरी दवाइयां, आईवी फ्लूड्स, आपातकालीन बेड और कूलिंग सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री इरफान अंसारी ने लोगों से अपील की कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेष रूप से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप और लू के सीधे संपर्क से बचें। उन्होंने अधिक मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी। साथ ही धूप में निकलते समय सिर को गमछा, टोपी, कपड़े या छाते से ढंकने की बात कही।
उन्होंने लोगों को खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलने और हल्का एवं पौष्टिक भोजन करने की भी सलाह दी। मंत्री ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का विशेष ध्यान रखा जाए, क्योंकि ये लोग हीट स्ट्रेस के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।
इसके अलावा शिक्षा विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा ऊर्जा विभाग को भी आवश्यक कदम उठाने और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
