
Lodh Falls : महुआडांड़ मानसून की पहली बारिश के साथ ही लातेहार जिले का प्रसिद्ध लोध फॉल एक बार फिर पर्यटकों की भीड़ से गुलजार हो उठा है। झारखंड का सबसे ऊंचा और एशिया का सबसे सुंदर झरनों में शुमार लोध फॉल बरसात में अपने पूरे यौवन पर है।पहाड़ों से 468 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी और उसके चारों ओर फैली हरियाली का नजारा देखकर सैलानी मंत्रमुग्ध हो जा रहे हैं।
हर दिन सैकड़ों की संख्या में स्थानीय, दूर-दराज के जिलों और पड़ोसी राज्यों से पर्यटक यहां फॉल का दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
खासकर रविवार और छुट्टियों के दिन यहां मेला जैसा माहौल रहता है। पर्यटकों का कहना है कि बरसात में लोध का पानी उफान पर है और आसपास का माहौल बेहद मनोहारी हो गया है। युवा दोस्तों के साथ सेल्फी और रील बना रहे हैं, तो परिवार फॉल के सामने बैठकर प्रकृति का आनंद ले रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ा दी है और गाइड की व्यवस्था की है।
फिसलन वाले इलाकों में चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इस मानसून सीजन में लोध फॉल में रिकॉर्ड संख्या में सैलानी पहुंचेंगे, जिससे क्षेत्र के होटल और दुकानदारों को भी रोजगार मिलेगा।

