लोहरदगा के आम्रपाली आम का स्वाद पहुंचेगा दुबई और इटली डेढ़ मीट्रिक टन की खेप रवाना

लोहरदगा के रोचो बरवाटोली गांव के जैविक आम्रपाली आम अब दुबई और इटली पहुंचेंगे, किसानों की मेहनत, आधुनिक तकनीक और बागवानी ने रचा सफलता का नया इतिहास।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लोहरदगा: जिले के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत सलगी पंचायत के रोचो बरवाटोली गांव ने बागवानी के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। यहां जैविक पद्धति से उत्पादित ग्रेड-ए आम्रपाली आम अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना रहा है। गांव के किसानों की ओर से तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले आमों की मांग दुबई और इटली जैसे देशों में बढ़ी है।
रविवार को डीसी संदीप कुमार मीना ने डेढ़ मीट्रिक टन ग्रेड-ए आम्रपाली आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर कोलकाता के लिए रवाना किया। कोलकाता से इन आमों को समुद्री मार्ग के जरिए दुबई और इटली भेजा जाएगा।
यह निर्यात प्रक्रिया कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण के सहयोग से संपन्न हो रही है। इस उपलब्धि को जिले के किसानों की मेहनत, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग और जैविक खेती के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि लोहरदगा जिले में कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। रोचो बरवाटोली के किसानों ने गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसान भी वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं। उन्होंने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए लगातार प्रयासरत है।

25 एकड़ में हो रही आम की खेती

रोचो बरवाटोली गांव में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में आम की बागवानी की जा रही है। यहां मुख्य रूप से आम्रपाली किस्म के आम लगाए गए हैं, जबकि कुछ हिस्सों में मल्लिका किस्म की भी खेती हो रही है। गांव के 32 परिवार इस बागवानी गतिविधि से जुड़े हैं, जिससे उनकी आजीविका को नई मजबूती मिली है।

बिरसा हरित ग्राम योजना से मिली नई उड़ान

मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना जिले के आम उत्पादक किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक जिले में 6,306 एकड़ क्षेत्र में आम के बाग लगाए गए हैं, जिससे 7,288 किसान लाभान्वित हुए हैं।
वर्तमान में 1,780 एकड़ क्षेत्र फलधारण अवस्था में है और वर्ष 2026-27 में लगभग 2,588 मीट्रिक टन आम उत्पादन का अनुमान है। आम्रपाली, मल्लिका, हिमसागर और लंगड़ा किस्म के आमों की मार्केटिंग के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा दीदी किचन कैंपस समेत अन्य माध्यमों से 4,483 किलोग्राम आम की बिक्री की जा चुकी है।

किसानों के समन्वय से मिली सफलता

जिला प्रशासन की पहल पर गांव में आम बागवानी का क्रियान्वयन किया गया, जिसमें तकनीकी सहयोग प्रदान संस्था द्वारा उपलब्ध कराया गया। किसानों को नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और उत्पादन प्रबंधन में सहयोग दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप यहां उत्पादित आम अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतर रहे हैं।

इस अवसर पर पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, सेनेम निरेम फार्मर्स उत्पादक समूह के सदस्य, प्रदान संस्था की टीम तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Share This Article
Avantika Raj Choudhary एक अनुभवी और बहुआयामी पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और वेबसाइट संचालन जैसे मीडिया के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। खबरों की गहरी समझ, प्रभावशाली प्रस्तुति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ सामने लाने की उनकी क्षमता उन्हें एक सशक्त मीडिया प्रोफेशनल बनाती है। अपने करियर के दौरान Avantika ने Jharkhand Live, The Fourth Pillar, 22 Scope और Khabar Mantra जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया है, जहाँ उन्होंने अपनी पेशेवर दक्षता, मेहनत और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एंकर के रूप में उनकी प्रभावशाली संवाद शैली, रिपोर्टर के रूप में जमीनी हकीकत को सामने लाने की क्षमता, और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में सटीक एवं आकर्षक लेखन ने उन्हें मीडिया जगत में एक अलग पहचान दिलाई है। डिजिटल और ग्राउंड मीडिया दोनों प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करने का अनुभव रखने वाली Avantika Raj Choudhary पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ खुद को निरंतर अपडेट करती रही हैं। उनकी कार्यशैली में निष्पक्षता, समर्पण और दर्शकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का उद्देश्य स्पष्ट रूप से झलकता है। मीडिया इंडस्ट्री में उनका यह अनुभव और कौशल उन्हें भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की ओर अग्रसर करता है.