महुआडांड़ में जगा विकास का नया सवेरा: स्वच्छता, नशा मुक्ति व सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन-पुलिस ,जन प्रतिनिधि और जनता आए साथ

लातेहार के महुआडांड़ में स्वच्छता, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर जन-अभियान तेज हुआ। प्रशासन, पुलिस और जनता मिलकर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और आदर्श बनाने में जुटे हैं।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

महुआडांड़ (लातेहार) : बदलाव की बयार लेकर महुआडांड़ में एक नई शुरुआत हुई है। प्रशासन, पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अब आम जनता भी स्वच्छता, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा के महाअभियान से जुड़ रही है। हर गली, हर चौक पर सकारात्मक संदेशों के साथ एक स्वस्थ और सुरक्षित महुआडांड़ की नींव रखी जा रही है। अभियान की सबसे खूबसूरत तस्वीर बाजारों में दिख रही है। दुकानदार खुद आगे आकर अपने प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रख रहे हैं और ग्राहकों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पंचायत भवनों से लेकर स्कूलों तक लगे रंग-बिरंगे पोस्टर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को जागरूक कर रहे हैं। संदेश साफ है- स्वच्छता एक आदत है, और यह आदत महुआडांड़ को विकास की नई पहचान देगी। स्वच्छ बाजार से न सिर्फ स्वास्थ्य बेहतर होगा बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। वही नशा मुक्ति अभियान को युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। खेल के मैदान से लेकर चौपाल तक युवा खुद नशे के खिलाफ अलख जगा रहे हैं। प्रशासन का सकारात्मक संदेश है कि नशा छोड़ो, शिक्षा और खेल से नाता जोड़ो। अवैध शराब से मुक्त गांव का सपना अब हकीकत बनने की ओर है, जहां हर परिवार खुशहाल और हर युवा आत्मनिर्भर होगा। सड़क सुरक्षा अभियान में लोग बढ़-चढ़कर नियमों को अपना रहे हैं। हेलमेट पहनना अब शान की बात बन रही है। अभिभावक खुद नाबालिग बच्चों को वाहन न देने का संकल्प ले रहे हैं। “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” की जगह अब “सावधानी बरतें, जीवन बचाएं” का भाव मजबूत हो रहा है।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा, “यह देखकर खुशी होती है कि महुआडांड़ की जनता बदलाव के लिए तैयार है। स्वच्छता, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा किसी एक की नहीं, हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। जब पुलिस, प्रशासन और जनता एकजुट होंगे, तो महुआडांड़ निश्चित रूप से झारखंड का आदर्श अनुमंडल बनेगा।उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, एक जन-आंदोलन है जो लगातार चलता रहेगा। आइए, इस सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनें और अपने महुआडांड़ को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हमारा उद्देश्य जनता की सुरक्षा और अपराध मुक्त समाज बनाना है। चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। सभी नागरिकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट जरूर पहनें और पुलिस को सहयोग दें। कानून से ऊपर कोई नहीं है।”

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।