वोट चोरी’ के खिलाफ आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहे हैं प्रधानमंत्री, गृह मंत्री: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन दबाने का आरोप लगाया और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ लोगों के आंदोलन को दबाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ध्यान भटकाने की उनकी रणनीति और ‘‘फर्जी दुष्प्रचार’’ से केवल सरकार की साख खराब हो रही है तथा लोकतंत्र कलंकित हो रहा है।

खरगे ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन प्रत्येक नागरिक के वोट और संविधान की रक्षा के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगा।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग को लेकर जैसे-जैसे खुलासे होते जा रहे हैं तथा वोट चोरी का पर्दाफाश हो रहा है, मोदी-शाह जन आंदोलन को दबाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं! वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को क्यों बचा रहे हैं?’’
खरगे ने कहा, ‘‘ध्यान भटकाने की यह रणनीति और फर्जी दुष्प्रचार केवल मोदी सरकार की साख को नुकसान पहुंचा रहा है और हमारे लोकतंत्र को कलंकित कर रहा है।’’

उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में कथित चुनावी अनियमितताओं के उदाहरणों वाली एक तस्वीर भी साझा की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को आरोप लगाया था कि ‘‘वोट चोरी के अनगिनत खुलासों’’ के बावजूद मोदी सरकार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए हरसंभव हथकंडा अपना रही है।

खरगे का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ उनकी ‘‘अमर्यादित’’ टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने कहा है कि देश की जनता ने अतीत में मोदी का ‘‘अपमान’’ करने के लिए विपक्षी दल को दंडित किया है और भविष्य में भी ऐसा करेगी।

Share This Article