नई दिल्ली: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा कारोबार पर अधिक केंद्रित होगी और वह गुजरात के जामनगर में रिलायंस के कुछ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। गोर ने यहां ‘ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम’ में संवाद सत्र के दौरान यह भी कहा कि रुबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि हम विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी वहां मौजूद रहने की उम्मीद करते हैं।

अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा था कि रुबियो ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को अधिक मजबूत करने के लिए अगले सप्ताह भारत आएंगे।
मंत्रालय के अनुसार, रुबियो पहले उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे और फिर 17 से 22 अक्टूबर के बीच भारत में मुंबई तथा जामनगर की यात्रा करेंगे। गोर ने कहा कि एक साल के भीतर रुबियो की यह दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा होगी। उन्होंने कहा, “यह यात्रा कारोबार पर थोड़ी अधिक केंद्रित होगी। भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार में लगातार शानदार वृद्धि हो रही है।” भारत में अमेरिका के राजदूत ने कहा, “वह (रुबियो) जामनगर भी जाएंगे, जहां रिलायंस के कुछ लोगों से मुलाकात करेंगे।”
गोर ने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, रिलायंस दुनिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी कंपनियों में से एक है। हमें इस बात पर भी गर्व है कि हम अमेरिका में 50 साल में पहली बार एक नयी रिफाइनरी शुरू कर रहे हैं। कई दशक में ऐसा नहीं हुआ है। यह मौजूदा प्रशासन के कार्यकाल में हो रहा है और इसकी वजह हमारा आपसी जुड़ाव है।” यह पूछे जाने पर कि क्या रुबियो की यात्रा के दौरान मुकेश अंबानी भी मौजूद रहेंगे, गोर ने कहा, ‘‘अंबानी रिलायंस का संचालन करते हैं…ऐसे में मुझे लगता है कि वह भी वहां मौजूदा रहेंगे।’’ जामनगर में रिलायंस की तेल रिफाइनरी स्थित है।


