रांची: रांची नगर निगम के सभागार में गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में राजस्व शाखा की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य निगम के राजस्व संग्रह में तेजी लाना, होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली को बढ़ाना और निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करना था। बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को कई सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जिसमें शहरवासियों को होल्डिंग टैक्स का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया है।

करदाता निगम की आधिकारिक वेबसाइट (www.ranchimunicipal.com) और चैटबॉट (8986627070) के माध्यम से आसानी से भुगतान कर सकते हैं। जिन सरकारी भवनों और परिसरों का अब तक होल्डिंग निर्धारण नहीं हुआ है, उनकी मापी कराकर जल्द से जल्द डिमांड सृजित करने और नियमानुसार सभी भवनों को नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया है। करदाताओं को जागरूक करने और टैक्स जमा करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए हर हफ्ते तीन दिन राजस्व संग्रह शिविर लगाने का फैसला लिया गया है। इन शिविरों के स्थान की पूर्व सूचना नागरिकों को दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
शहर के प्रमुख बकायेदारों को चिह्नित कर नियमानुसार नोटिस जारी करने और लंबित होल्डिंग टैक्स के साथ-साथ वाटर यूजर चार्ज के बड़े बकायेदारों से बकाया राशि वसूलने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। होटल, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान सुनिश्चित कराने तथा शुल्क नहीं देने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रह के कार्यों में सक्रियता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे निगम की आय में वृद्धि हो सके और नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं एवं विकास कार्य उपलब्ध कराए जा सकें। बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, नगर प्रबंधक, कर संग्रहकर्ता और राजस्व शाखा के अन्य कर्मी उपस्थित थे।


