पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का पालन करे मीडियाः उपराष्ट्रपति

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बुधवार को मीडिया से पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का पालन करने और समाचारों की कवरेज में जवाबदेह होने का आह्वान किया।

उन्होंने खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत करने और उन्हें सनसनीखेज बनाने की बढ़ती हुई प्रवृत्ति के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनता को गलत सूचना देने के समान है।

नायडू ने कहा कि कई बार इस तरह की गलत सूचना घबराहट पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि सच्चाई के नजदीक रहें और सनसनी से दूर रहें।

नायडू ने नेल्लोर में ऑल इंडिया रेडियो एफएम स्टेशन में 10 किलोवाट एफएम संचालन के लिए 100 मीटर ऊंची टॉवर का उद्घाटन किया।

आकाशवाणी स्टूडियो पहुंचने के बाद नायडू ने लाइव प्रसारण के माध्यम से अपना विशेष संबोधन दिया और एफएम टावर नेल्लोर के लोगों को समर्पित की।

मीडिया के लिए आत्मनिरीक्षण और आत्म-नियंत्रण करने की जरूरत है

उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि जब वे सूचना एवं प्रसारण मंत्री थे तब उन्होंने जिस स्टेशन की नींव रखी थी वह आज कार्यरत है।

नायडू ने इस बात पर जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में प्रेस की आजादी अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया विभिन्न मुद्दों के बारे में लोगों को शिक्षित करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस बारे में उन्होंने राष्ट्रीय विकास में प्रसारण मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।

उपराष्ट्रपति ने डिजिटल युग में मीडिया की व्यापक पहुंच को देखते हुए मीडिया को समाज की वास्तविकताओं का उल्लेख करने और पत्रकारिता के प्रमुख सिद्धांतों के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहने का परामर्श दिया।

उन्होंने कहा कि मीडिया के लिए आत्मनिरीक्षण और आत्म-नियंत्रण करने की जरूरत है। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि लोगों को ऐसे मीडिया संगठनों को प्रोत्साहित करना चाहिए जो ईमानदार और नैतिक पत्रकारिता का अनुपालन करते हों।

सोशल मीडिया के उदय का जिक्र करते हुए उन्होंने फेक न्यूज की घटनाओं के बारे में चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोगों को गैर सत्यापित और निराधार जानकारी दूसरों को नहीं देनी चाहिए।

Share This Article