14 दिनों की रिमांड पूरी, मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सली जेल भेजे गए

2.20 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों की 14 दिन की पुलिस रिमांड पूरी हुई। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : 14 दिनों की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2 करोड़ 20 लाख रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच धनबाद लाया गया। इसके बाद सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को पुलिस रिमांड मिलने के बाद मिसिर बेसरा समेत तीनों नक्सलियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रांची ले जाया गया था। वहां करीब 11 दिनों तक NIA, IB और झारखंड पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्तर पर उनसे पूछताछ की।
नेटवर्क और फंडिंग को लेकर पूछताछ

पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों ने माओवादी संगठन के नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और संगठन से जुड़े सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का प्रयास किया। एजेंसियों ने संगठन की गतिविधियों और उसके सहयोगी नेटवर्क से जुड़े कई बिंदुओं पर भी पूछताछ की।

धनबाद लाए गए नक्सलियों में भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल शामिल हैं। उन पर 2 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इसके अलावा 15 लाख रुपये के इनामी मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण तथा गौरव उर्फ वीरेंद्र हांसदा उर्फ सौरभ को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

सदर अस्पताल में मेडिकल जांच

धनबाद पहुंचने के बाद तीनों नक्सलियों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनकी मेडिकल जांच की। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों को जांच के आगे के चरणों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले में जांच एजेंसियां माओवादी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी रखेंगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।