झारखंड में बढ़ा सियासी तापमान! भारत के नक्शे वाले पोस्ट पर घिरे मिथिलेश ठाकुर, सोशल मीडिया पर मच गया बवाल

मिथिलेश ठाकुर के भारत के नक्शे वाले सोशल मीडिया पोस्ट से बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बाबूलाल मरांडी समेत विपक्ष ने इसे देश की अखंडता पर हमला बताते हुए निशाना साधा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांचीः झारखंड में सियासी तापमान बढ़ा हुआ है। दरअसल झामुमो नेता और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे और प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने को लेकर तंज कसते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, लेकिन इसी पोस्ट ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया। दरअसल, मिथिलेश ठाकुर ने अपने पोस्ट में भारत का एक ऐसा नक्शा लगाया था जिसमें कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई थी। पोस्ट में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को डिस्प्यूटेड एरिया की तरह दिखाया गया था। इसी तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “हम प्रेस कांफ्रेंस नहीं करते। यही हमारी परंपरा रही है। कोई शक? कोई परेशानी?” मंगलवार की रात एडिटर्स गिल्ड को टैग करते हुए किए गए इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आने लगी। अधूरा नक्शा पोस्ट करने को लेकर यूजर्स ने मिथिलेश ठाकुर को जमकर ट्रोल किया। विवाद बढ़ता देख उन्होंने बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दिया।

इस मामले में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि झामुमो के महासचिव और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर द्वारा भारत का खंडित नक्शा साझा करना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। मरांडी ने इसे देश की अखंडता और संप्रभुता पर सीधा हमला बताया। बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि सत्ता और तुष्टिकरण की राजनीति में डूबी झामुमो अब वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की एकता से भी समझौता कर रही है।

उन्होंने नल-जल योजना में कथित कमीशनखोरी और गढ़वा में बालू व जमीन लूट के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह कश्मीर को भारत से अलग दिखाने की कोशिश की गई, वह करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने इसे सिर्फ गलती नहीं बल्कि गंभीर मानसिकता से जुड़ा मामला बताया। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों को संरक्षण देना सरकार की नीति बन चुकी है। बाबूलाल मरांडी ने मांग की कि देश की अखंडता से खिलवाड़ करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए और मिथिलेश ठाकुर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इतना ही नहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के सलाहकार सुनील तिवारी ने भी इस पोस्ट को भारत की अखंडता और संप्रभुता से जोड़ते हुए इसे बेहद शर्मनाक बताया।

 

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।