मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर रांची में निकाली गई ‘प्रगति पथ यात्रा’, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद ने गिनाईं उपलब्धियां

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर रांची में भाजपा की प्रगति पथ यात्रा निकली। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण की उपलब्धियां गिनाईं।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Pragati Path Yatra : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर की ओर से रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाईओवर) पर भव्य ‘प्रगति पथ यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ रांची विधायक सीपी सिंह, भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रगति पथ यात्रा का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

विधायक सीपी सिंह ने कहा कि रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की यात्रा ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। इससे पहले नित्यानंद राय ने बरियातू स्थित तेतर टोली तालाब में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री बलबीर दत्त के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित भी किया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।