मुख्यमंत्री ने उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए पुश्तैनी मकान का हिस्सा गिराने का काम शुरू किया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

उज्जैन : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शहर में स्थित अपने पैतृक घर के एक हिस्से को फावड़ा चलाकर गिराने का काम आरंभ किया। अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक लगभग 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने का कार्य प्रारंभ हुआ है। इसके लिए राज्य शासन द्वारा लगभग 9.80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह मार्ग चौड़ीकरण उज्जैन की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिकारियों के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण अभियान से लगभग 272 घर और कुछ धार्मिक स्थल प्रभावित होंगे। मीडिया से बात करते हुए भावुक यादव ने कहा कि इसी घर के आंगन में उनका बचपन बीता है और उनका यह पुश्तैनी घर उनके हर चुनाव का साक्षी रहा है।

उन्होंने कहा, “पर जब शहर विकास की बात आती है तो हमे भी सबसे पहले जन सेवक होकर इसका उदहारण देना चाहिए। इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ख़ुद हम सबके लिए निजी हितों को त्याग करने वाले सबसे बड़े उदाहरण है।” एक अधिकारी ने कहा कि दशकों की पारिवारिक स्मृतियों से जुड़े अपने घर को जनहित में समर्पित कर मुख्यमंत्री यादव ने यह संदेश दिया कि उज्जैन का भविष्य और सिंहस्थ की भव्य तैयारियां व्यक्तिगत भावनाओं से भी ऊपर हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन की सड़क, यातायात और शहरी अधोसंरचना को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।