नागालैंड में पहली बार 3डी प्रिंटेड ‘बत्तीसी’ तैयार की गई

नागालैंड में पहली बार 3डी प्रिंटेड कृत्रिम बत्तीसी तैयार की गई। कोहिमा में आयोजित कार्यशाला में डॉक्टरों ने आधुनिक डिजिटल तकनीक से दंत चिकित्सा में बड़ी उपलब्धि हासिल की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dental Technology : नागालैंड ने दंत चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य में पहली बार ‘3डी प्रिंटेड मोनोलिथिक कंप्लीट डेंट्योर’ यानी कृत्रिम ‘बत्तीसी’ तैयार की है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तकनीक से मानवीय चूक की गुंजाइश कम होगी, मरीजों को बार-बार क्लिनिक नहीं आना पड़ेगा और संबंधित प्रक्रिया भी तेज हो सकेगी।

यह सफलता शनिवार को नगा अस्पताल प्राधिकरण कोहिमा (एनएचएके) में ‘पॉलीजेट 3डी प्रिंटर का उपयोग करके मोनोलिथिक कंप्लीट डेंट्योर का निर्माण’ विषय पर आयोजित एक कार्यशाला के दौरान मिली। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 30 दंत चिकित्सकों ने भाग लिया।

नगालैंड आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईएमएसआर) की वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर थुंगबेनी पी. नगुली ने पांच मरीजों पर यह प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने पूरी डिजिटल कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करते हुए नगालैंड में पहले पांच ‘3डी प्रिंटेड मोनोलिथिक डेंट्योर’ सौंपे।

इस तकनीक के बारे में डॉ. नगुली ने कहा कि ‘मोनोलिथिक कंप्लीट डेंट्योर’ एक पूरी बत्तीसी होती है, जिसे अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर बनाने के बजाय एक एकल इकाई के रूप में प्रिंट किया जाता है।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला में पारंपरिक तरीके से दांतों का नाप लेने और स्कैनिंग से लेकर कंप्यूटर के जरिए डिजाइन तैयार करने (कैड) तथा ‘पॉलीजेट 3डी प्रिंटर’ की मदद से बत्तीसी बनाने तक की पूरी डिजिटल प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।