नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने के लिए लोगों का आभार जताया और कहा कि यह जीत एक बार फिर दर्शाती है कि गठबंधन के सुशासन के एजेंडे से लोगों का गहरा जुड़ाव है।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लगातार अपना आशीर्वाद देने के लिए लोगों का आभार! असम की नगांव लोकसभा सीट तथा पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि भाजपा-राजग के सुशासन के एजेंडे से लोगों का गहरा जुड़ाव है। मैं जीतने वाले भाजपा उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी की थट्टानचावाडी सीट पर जीत के लिए राजग के सहयोगी दल ‘ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस’ को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह जनादेश हमें लोगों के कल्याण के लिए अथक प्रयास करने और उनके उज्ज्वल एवं अधिक समृद्ध भविष्य की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अतिरिक्त ताकत देगा।’’
भाजपा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की। पार्टी ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नंदीग्राम सीट पर रिकॉर्ड अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराया और मुस्लिम बहुल रेजिनगर सीट पर अप्रत्याशित जीत हासिल की। इससे राज्य में तृणमूल कांग्रेस का 15 साल का शासन समाप्त करने के महज पांच महीने बाद भाजपा की स्थिति और मजबूत हुई है।
असम में नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर एक लाख 76 हजार 391 मतों की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। खबर लिखे जाने तक मतगणना जारी थी।
पुडुचेरी में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी ने छह अक्टूबर को थट्टानचावाडी सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की।


