नयी दिल्ली: उत्तर दिल्ली पुलिस ने ट्रक चोरी कर उन्हें काटने वाले एक कथित अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है तथा चोरी हुए ट्रक के काटे गए हिस्से पंजाब से बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान गिरोह के कथित मास्टरमाइंड भारत (40), शंभू महतो (36) और अमृतपाल सिंह (32) के रूप में हुई है, जिन्हें सीसीटीवी फुटेज, यूपीआई लेनदेन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और तकनीकी जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली के गुलाबी बाग थाने में 27 सितंबर को एक ट्रक के चोरी होने के संबंध में ई-प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि आरोपियों ने चोरी के बाद ट्रक का जीपीएस उपकरण निकाल दिया था।
उन्होंने कहा कि टीम को सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि ट्रक को दिल्ली से हरियाणा ले जाया गया जहां सोनीपत में एक सीएनजी स्टेशन पर डिजिटल भुगतान किया गया।
डीसीपी ने कहा कि इसके बाद तकनीकी निगरानी से संकेत मिला कि वाहन को पंजाब के पातड़ां (पटियाला) की ओर ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि इस बीच टीम ने भारत की पहचान की और उसे दिल्ली में उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके सहयोगी महतो को बिंदापुर से पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने चोरी का ट्रक अमृतपाल सिंह को काटने के लिए बेच दिया था। सिंह को पंजाब के खनौरी बाजार से गिरफ्तार किया गया और वाहन के काटे गए हिस्से उसके गोदाम से बरामद किए गए।
अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच से पता चला कि भारत ने दिल्ली से तीन अन्य ट्रक चोरी किए थे और उन्हें काटने के लिए अमृतपाल को बेच दिया था। इन वाहनों के निहाल विहार, जनकपुरी और अलीपुर थाना क्षेत्रों से चोरी होने की सूचना मिली। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि भारत पूर्व में दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों में शामिल रहा है।


