सोनिया गांधी बनी रहेंगी कांग्रेस की अध्यक्ष, राहुल और प्रियंका गांधी के अध्यक्ष बनने की संभावना नहीं

Digital News
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: पिछले 1 साल से लगातार कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराने की खबरें आ रही हैं, लेकिन कोरोना की वजह से फिलहाल इस पर फैसला नहीं हो सका है।

अब कहा जा रहा है कि जुलाई के आखिर में या फिर अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह में कांग्रेस को परमानेंट अध्यक्ष मिल सकता है। अब सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी एक बार फिर से अध्यक्ष बन सकती हैं।

माना जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव तक वह अध्यक्ष बनी रहेंगी, जबकि सोनिया गांधी के साथ 4 या 5 नए कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति हो सकती है।

सूत्र बता रहे हैं कि फिलहाल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने की संभावना नहीं है, लेकिन बड़े फैसलों में इनका असर देखने को मिलता रहेगा।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि भले ही सोनिया गांधी 2024 तक अध्यक्ष पद पर बनी रहेंगी, लेकिन पार्टी में बड़े स्तर पर फेरबदल हो सकता है।

माना जा रहा है कि सोनिया गांधी की टीम में युवा नेताओं और गांधी परिवार के वफादारों को मौका दिया जा सकता है।

साथ ही साथ सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस के नाराज नेताओं को भी साथ लाने की कोशिश की जाएगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस चार से पांच कार्यकारी अध्यक्ष बना सकती है।

कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर गुलाम नबी आजाद, सचिन पायलट, कुमारी शैलजा, मुकुल वासनिक और रमेश चेन्नीथला का नाम सबसे आगे चल रहा है।

माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी वर्तमान में उत्तर प्रदेश पर ही फोकस करती रहेंगी। राहुल गांधी के चेहरे का इस्तेमाल प्रचार में खूब होगा।

फिलहाल में सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर पार्टी संभाल रही हैं। हालांकि खबर यह भी आ रही थी कि एक बार फिर से राहुल गांधी को अध्यक्ष पद की कमान दी जा सकती हैं।

Share This Article