IMC ने इस्लाम अपनाने वाले युवक-युवतियों के निकाह के लिए प्रशासन से मांगी इजाजत

पुलिस अधीक्षक (नगर) राहुल भाटी ने बताया कि मोहर्रम चल रहा है और सावन भी शुरू होने वाला है

News Desk
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

“IMC Seeks Permission for Converted Muslim Marriage”: इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल (IMC) ने इस्लाम अपनाने वाले दूसरे धर्म के युवक-युवतियों के सामूहिक निकाह के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है, जिसका हिंदू नेताओं ने विरोध किया है।

इस बीच, पुलिस का दावा है कि बिना जिला प्रशासन की अनुमति के यदि किसी ने कोई कार्यक्रम आयोजित किया और किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो सख्त विधिक कार्रवाई होगी।

IMC प्रमुख मौलाना तौकीर ने कहा है कि ”Hindu से मुस्लिम बने युवक-युवतियों का निकाह कराएंगे और पहले चरण में पांच जोड़ों का निकाह होगा, जिसमें युवक एवं युवतियों की धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर एक-दूसरे का दामन थामेंगे।”

मौलाना ने कहा, ”सामूहिक निकाह समारोह 21 जुलाई को सुबह 11 बजे खलील हायर सेकेंडरी स्कूल में होगा। इसके लिए प्रशासन से भी अनुमति मांगी है।”

बरेली के वरिष्ठ अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने बताया कि ”नगर मजिस्ट्रेट को धर्म परिवर्तन संबंधी निकाह कार्यक्रम की अनुमति के लिए आवेदन किया गया है। इसके लिए संबंधित थाना क्षेत्र और अभिसूचना सूचना शाखा से रिपोर्ट मांगी गई है।”

उन्होंने कहा, ”बरेली शहर और ग्रामीण क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया गया है कि कानून व्यवस्था के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। बिना जिला प्रशासन की अनुमति के यदि किसी ने कोई कार्यक्रम (Program) आयोजित किया और किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो सख्त विधिक कार्रवाई होगी।”

बरेली के नगर मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला ने बताया कि IMC की ओर से संगठन प्रभारी नदीम कुरैशी ने कार्यक्रम आयोजन की अनुमति के लिए 11 जुलाई को एक पत्र दिया है।

मौलाना तौकीर का दावा है कि उनके पास निकाह के लिए धर्म परिवर्तन करने वाले करीब 23 युवक-युवतियों के आवेदन आ चुके हैं। इनमें आठ लड़के और 15 लड़कियां शामिल हैं। इन्होंने अपने रिश्ते पहले से तय किए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ”इनका निकाह करवाने के साथ ही धर्म परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी की जानी है। इसी के तहत इनमें से पांच जोड़ों का चयन पहले चरण में किया गया है।”

मौलाना ने कहा कि प्रशासन को इसमें कोई एतराज होना नहीं चाहिए, क्योंकि वे लोग कोई गैरकानूनी काम नहीं कर रहे हैं।

इस बीच, मौलाना तौकीर के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नाथ नगरी सुरक्षा समूह के दुर्गेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ”हिंदू समाज के युवक युवतियों का इस्लाम धर्म के युवक युवतियों से विवाह करना गलत है। इस संबंध में कार्यक्रम आयोजन के लिए मांगी गई अनुमति के विरोध में उनका संगठन जिलाधिकारी को ज्ञापन देगा।”

शिरडी साइन सर्व देव मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने कहा कि ”सावन के पवित्र माह में मौलाना का ऐलान कहीं ना कहीं शांति भंग करने की एक साजिश है।”

उन्होंने जिला प्रशासन और CM से मौलाना तौकीर के आयोजन को अनुमति न देने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) राहुल भाटी ने बताया कि मोहर्रम चल रहा है और सावन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में पुलिस- प्रशासन की प्राथमिकता शहर में शांति व्यवस्था कायम रखना है।

भाटी ने कहा कि ”किसी कार्यक्रम की वजह से शांतिपूर्ण माहौल में व्यवधान की आशंका होगी तो उसके बारे में विचार किया जाएगा। अनुमति के प्रार्थना पत्र पर पुलिस पूरी पड़ताल के बाद ही रिपोर्ट देगी।”

Share This Article