


रांची: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में जमशेदपुर में यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूसीआईएल के सीएमडी डॉ. के. आनंद राव और निदेशक बी.के. दास समेत वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जनजातीय समाज व यूसीआईएल के एसटी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।





इससे पहले डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आयोग की आठ सदस्यीय टीम ने पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित मेचुआ और इचरा जैसे यूरेनियम प्रभावित गांवों का दौरा किया। जहां ग्रामीणों ने पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विस्थापन के मुआवजे और रोजगार से जुड़ी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। आयोग ने इन जमीनी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान यूसीआईएल में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की रोस्टर आधारित पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं पर भी मंथन किया गया। डॉ. आशा लकड़ा ने संस्थान के शीर्ष प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि जनजातीय समाज और कर्मचारियों के सभी लंबित मामलों पर नियमानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएं और आयोग के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन हो। इसके साथ ही बैठक में तय किए गए निर्णयों और आयोग द्वारा जारी निर्देशों पर की गई कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को सौंपने को कहा गया है।
