झारखंड भी शीत लहर की चपेट में, यहां तीन डिग्री पर पहुंचा पारा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड कंपकंपाती ठंड की चपेट में है। रांची से समीप मैकलुस्कीगंज के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान लगातार गिरता जा रहा है। तेज हवा के कारण धूप में भी राहत महसूस नहीं हो रही है।

बताया गया है कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे आ सकता है। रविवार की सुबह मैकलुस्कीगंज में अलग-अलग जगहों पर न्यूनतम तापमान तीन से 03.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

सुबह मैकलुस्कीगंज के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। सूरज दिखाई नहीं दे रहा था। सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है ।

हाड़ कपकपाने वाली ठंड के कारण इलाके में रहने वाली बड़ी आबादी घरों में कैद हो गई है।

लोग दोपहर बाद घरों से निकल रहे हैं। शाम होने से पहले ही वापस लौट रहे हैं।

जिला प्रशासन की ओर से चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी मैकलुस्कीगंज में कड़ाके की ठंड पड़ी थी। तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार रांची का न्यूनतम तापमान रविवार को 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

यह सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग के अभिषेक कुमार के अनुसार 25 दिसंबर तक छह से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 25 दिसंबर को बारिश का अनुमान है। अगले छह दिनों तक दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी।

Share This Article