रांची: रांची के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) एंट्रेंस एग्जाम 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। इसके माध्यम से यूजी, पीजी, एनएलआईई और पीएचडी कार्यक्रमों में नामांकन लिया जाएगा। यह प्रवेश परीक्षा देश भर के लगभग 100 शहरों में आयोजित की जाएगी, जो सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) और पेन-पेपर दोनों मोड में होगी।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि
अभ्यर्थी 16 नवंबर तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद विलंब शुल्क के साथ 21 नवंबर तक आवेदन करने का मौका मिलेगा। आवेदन फॉर्म में किसी भी तरह के सुधार के लिए 22 से 25 नवंबर तक का समय दिया जाएगा। 21 दिसंबर को एडवांस सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी जाएगी। 4 जनवरी 2027 से एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 जनवरी 2027 को किया जाएगा.
किन कोर्स के लिए मिलेगा मौका
बता दें कि देश भर में निफ्ट के कुल 20 कैंपस हैं। यूजी पाठ्यक्रमों के तहत बैचलर ऑफ डिजाइन, बैचलर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, निफ्ट लेटरल एंट्री बीडीएस और बीएफ टेक के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) के तहत मास्टर ऑफ डिजाइन, मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट और मास्टर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी जैसे कोर्सों के लिए आवेदन कर सकेंगे।


