पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, अस्पताल में ड्रिप से टॉयलेट क्लीनर इंजेक्ट करने का आरोप

निजामाबाद में पति की हत्या के मामले में पत्नी, कथित प्रेमी और उसके साथी गिरफ्तार। पुलिस का दावा, अस्पताल में इलाज के दौरान ड्रिप से टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर हत्या की गई।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Telangana Husband Murder Case: निजामाबाद जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर की। आरोप है कि पहले युवक को छत से धक्का देकर मारने की कोशिश की गई और जब वह बच गया तो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर उसकी जान ले ली गई।

पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी संध्या, उसके कथित प्रेमी अनिल और उसके दोस्त वेंकट साई को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे विवाहेतर संबंध (एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर) को कारण बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रशांत हाल ही में खाड़ी देश से अपने घर लौटा था। घर लौटने के बाद उसे पत्नी के कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। जांच में सामने आया कि 30 जून को तीनों आरोपियों ने प्रशांत को शराब पिलाई, उसके साथ मारपीट की और फिर घर की छत से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसकी जान बच गई।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे अस्पताल ले गए और यह कहानी बताई कि वह नशे की हालत में छत से गिर गया था। पुलिस का दावा है कि संध्या, जो पहले एक निजी अस्पताल में नर्स रह चुकी थी, ने अपने मेडिकल ज्ञान का इस्तेमाल करते हुए इलाज के दौरान पति की ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रशांत की मां ने बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में संध्या ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जबकि वेंकट साई ने भी हत्या की पहली कोशिश में अपनी भूमिका कबूल की है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।