
भुवनेश्वर: ओडिशा सतर्कता विभाग ने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति मिलने के एक दिन बाद मंगलवार को एक सरकारी इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता विभाग को सोमवार को की गई छापेमारी के दौरान ओडिशा कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार किसपट्टा के पास आय से अधिक संपत्ति मिली। उन्होंने बताया कि जांच में किसपट्टा के स्वामित्व वाले दो बहुमंजिला भवन—जिनमें 8,000 वर्गफुट क्षेत्रफल और 23 कमरों वाला एक भवन भी शामिल है—नौ भूखंड, 46.09 लाख रुपये की बैंक जमा राशि, 1.16 लाख रुपये नकदी, 325.56 ग्राम सोना, 1.12 किलोग्राम चांदी तथा दो चारपहिया वाहनों का पता चला। सतर्कता विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अपनी संपत्तियों के लिए धन के स्रोत का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे पाने पर किसपट्टा को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि उन्हें जयपुर स्थित विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

