झारखंड में कोरोना पॉजिटिव महिला ने जुड़वां बच्चे को दिया जन्म

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पाकुड़: डॉक्टरों को धरती पर भगवान का रूप यूं ही नहीं कहा जाता। कोरोना काल में जब लोग पीड़ितों को देखकर उनसे दूर भाग रहे हैं, तब यही डॉक्टर प्रेम और सेवा भाव से उनका उपचार कर रहे हैं।

यही नजारा देखने को मिला शनिवार को पाकुड़ सदर अस्पताल में। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने अपनी चिंता किए बगैर कोरोना पॉजिटिव एक गर्भवती महिला का सफल ऑपरेशन किया।

महिला ने जुड़वां बच्चे को जन्म दिया। टीम में सर्जन डाॅक्टर शंकर लाल मुर्मू, डॉक्टर डोमिनिका मरांडी एवं मूर्छक डॉक्टर जितेंद्र कुमार शामिल थे।

दरअसल जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड की आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय की एक महिला को प्रसव पीड़ा के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

महिला की स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। वह कोरोना पॉजिटिव मरीज भी थी। ऐसे में महिला का ऑपरेशन खतरे से खाली नहीं था।

डाॅक्टरों के अनुसार महिला का अगर सही समय पर ऑपरेशन नहीं होता तो उसकी जान भी जा सकती थी।

ऑपरेशन के लिए हम तैयार तो थे, लेकिन कोरोना पॉजिटिव महिला के ऑपरेशन से हमें भी खतरा हो सकता था, लेकिन हम अपनी परवाह किए बगैर ऑपरेशन के लिए तैयार हो गए।

उल्लेखनीय है कि टीम में शामिल डाॅक्टर डोमिनिका मरांडी पिछले साल भी कोरोना पीड़ित मरीज के इलाज के दौरान खुद भी संक्रमित हो गई थीं।

बावजूद इसके वह ऑपरेशन के लिए तैयार हो गईं। हालांकि ऑपरेशन सफल रहा। जुड़वां बच्चे पैदा हुए।

डाॅक्टरों के अनुसार जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सिविल सर्जन डाॅक्टर रामदेव पासवान ने डाॅक्टरों की टीम को बधाई दी है।

Share This Article