
Jharkhand Electricity Workers Protest : पलामू में झारखंड विद्युत कर्मी संघ ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि एक महीने के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और बड़े आंदोलन पर जाने को मजबूर होंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु पांडेय ने आरोप लगाया है कि अप्रैल में भी मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कर्मचारियों की प्रमुख शिकायतों में 2017 से लंबित वेतन और भत्तों का एरियर, त्योहारों और अवकाश का भुगतान न मिलना शामिल है। इसके अलावा पावर सब-स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी गंभीर नाराजगी जताई गई है।
संघ का कहना है कि कंट्रोल रूम की खराब स्थिति, जर्जर वायरिंग और उपकरणों की मरम्मत की भी जरूरत है। साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा, अनुकंपा नौकरी और पेंशन देने की मांग भी उठाई गई है।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि वेतन भुगतान में अनियमितता की जा रही है और काम अधिक कराया जाता है, लेकिन हाजिरी और भुगतान कम दिन का दिखाया जाता है।
संघ ने सभी कार्यरत मानव बलों की सूची सार्वजनिक करने, साथ ही कर्मचारियों को सैलरी स्लिप, पहचान पत्र, ईएसआई और ईपीएफ की सुविधा तुरंत देने की मांग की है। इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री, श्रम विभाग और जिला प्रशासन को भी भेजी गई है।

