पूर्णिया : पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव शुक्रवार को रोजगार मेले में शामिल हुए और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोजगार युक्त पूर्णिया हमारा संकल्प है। हमने जो युवाओं से वादा किया था, उसे पूरा भी कर रहे हैं। आज मुझे आप सभी के बीच आकर बहुत खुशी हो रही है। खासकर उन युवाओं और बेटियों को देखकर, जो अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर महीने पूर्णिया में रोजगार मेले का आयोजन हो, ताकि गरीब, निम्न मध्यमवर्गीय और मध्यमवर्गीय परिवारों के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

चाहे कोई एमए, बीए, बीटेक या इंटरमीडिएट पास हो, हर युवा को उसकी योग्यता के अनुसार रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। मेरा संकल्प है कि जब तक हर परिवार को कम से कम 25,000 रुपये की नौकरी या आय का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास नहीं होगा, तब तक रोजगार मेले और रोजगार से जुड़े कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।



