देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा पेट्रोरसायन क्षेत्र : सचिव सिंह

सचिव तेजवीर सिंह ने एपीएम-2026 सम्मेलन में कहा कि पेट्रोरसायन क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार और उद्योग-शिक्षा समन्वय पर जोर दिया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जयपुर : केंद्रीय रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के सचिव तेजवीर सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत का पेट्रोरसायन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इसके साथ ही उन्होंने उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। वह यहां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘एपीएम-2026’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और उद्योग विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं जो उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और टिकाऊ विनिर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

सिंह ने अनुसंधान एवं औद्योगिक नवाचार को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस सम्मेलन का विषय वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि उन्नत पेट्रोरसायन सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और सतत विकास जैसे विषय ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत का पेट्रोरसायन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने अनुसंधान, तकनीकी नवाचार तथा उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग के संयुक्त सचिव जी वेंकटेश ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को नई तकनीकों, औद्योगिक आवश्यकताओं और अनुसंधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान और युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री पर इस 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘एपीएम-2026’ का आयोजन सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट) द्वारा 28 से 30 नवंबर तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी, सिपेट के महानिदेशक शिशिर सिन्हा, सिपेट के निदेशक विशाल वर्मा भी मौजूद थे। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे पी नड्डा और राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी कार्यक्रम के लिए वीडियो संदेश दिया।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।