
लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लखनऊ में सेना की मध्य कमान में स्थित कमांड हॉस्पिटल में देश के पहले सैन्य चिकित्सा विभाग का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया और कहा कि इससे सुरक्षा तथा युद्ध के मैदान से जुड़ी नयी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत की तैयारियों को मजबूती मिलेगी। सैन्य चिकित्सा सेवा महानिदेशालय के तहत स्थापित यह विभाग सैन्य चिकित्सा पर पूरी तरह से केंद्रित देश का पहला समर्पित संस्थान है। इसकी स्थापना का मकसद अनुसंधान, स्वदेशी सिद्धांत विकसित करने और भविष्य के युद्धक्षेत्रों व मानवीय संकटों के समय मदद करना है।

