

रांची: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से पवित्र रक्षाबंधन एवं खुशी प्राप्त अभियान की शुरुआत बुधवार को झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास से हुई। अभियान का उद्देश्य समाज में शांति, पवित्रता, सकारात्मक सोच और खुशहाल जीवन का संदेश पहुंचाना है।





इस अवसर पर संस्था की संचालिका बीके राजमती दीदी ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को ईश्वरीय रक्षासूत्र बांधा और अंगवस्त्र भेंट किया। उन्होंने मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सफल जनसेवा के लिए मंगलकामना की।
बीके राजमती दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, प्रेम, शांति और आत्मिक शक्ति का संदेश देने वाला पर्व भी है। अभियान के माध्यम से लोगों को सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 19 से 30 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, बड़कागांव, बोकारो सहित विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ईश्वरीय रक्षासूत्र बांधा जाएगा। साथ ही राजयोग मेडिटेशन और आध्यात्मिक ज्ञान के बारे में जानकारी दी जाएगी।
‘खुशी प्राप्त अभियान’ के तहत लोगों को जीवन में शांति, प्रेम, आनंद और सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया जाएगा। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आध्यात्मिक जीवन से जोड़ने और तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
