रांची: राजधानी रांची में सरकारी दफ्तरों में काम के बदले पैसे लेने की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि कथित तौर पर लेन-देन का समय भी बदल गया है और दिन की बजाय रात में पैसे लेने की कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार देर रात एक बड़ा मामला सामने आया। रांची एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए बुढ़मू के सीओ सचिदानंद वर्मा, कर्मचारी राजेश कुमार और उनके एक सहयोगी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई काम के एवज में पैसे वसूलने के आरोप से जुड़ी है। फिलहाल तीनों से एसीबी मुख्यालय में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर एसीबी के अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद एसीबी इस मामले में कितने लोगों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि करती है और क्या नए खुलासे सामने आते हैं।

