
रांची : राजधानी रांची में 25 अप्रैल को झारखंड महिला भाजपा की ओर से होने वाली आक्रोश रैली को लेकर प्रशासन और आम लोगों के बीच सतर्कता बढ़ गई है। इस रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, रैली मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगी। यह रूट शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में गिना जाता है। ऐसे में आम लोगों, खासकर स्कूल बसों और ऑफिस जाने वालों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह इन रास्तों पर निकलने से बचें और जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। बढ़ती गर्मी और संभावित जाम को देखते हुए यह सलाह और भी जरूरी हो जाती है।
इन सड़कों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर
रैली के दौरान मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक पूरा रूट व्यस्त रहेगा। इस दौरान बरियातू रोड, रेडियम रोड, सर्कुलर रोड, जेल रोड, मेन रोड और कोकर रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। इन मुख्य सड़कों से जुड़ी गलियों और छोटे रास्तों पर भी जाम लगने की आशंका है। वैसे भी इन इलाकों में आम दिनों में ट्रैफिक ज्यादा रहता है, ऐसे में रैली के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है।
स्कूल टाइम और गर्मी बढ़ाएगी परेशानी
रैली का समय सुबह 10 बजे तय किया गया है, लेकिन इसके 11 बजे के आसपास शुरू होने की संभावना है। यह वही वक्त होता है जब कई स्कूलों की छुट्टी होती है और सड़कों पर बसों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रैफिक और ज्यादा प्रभावित हो सकता है। ऊपर से भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है, इसलिए सावधानी रखना जरूरी है।
लोगों से सहयोग की अपील
रांची पुलिस ने रैली को लेकर खास तैयारी की है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट पर है, ताकि जाम की स्थिति को संभाला जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जितना हो सके भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें।

