
डेस्क: हजारीबाग और बोकारो के बाद अब पश्चिमी सिंहभूम से भी कोषागार में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां पुलिस विभाग के खातों से करीब 45 लाख रुपये की अवैध निकासी की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक आरक्षी हिरासत में
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। जिले के उपायुक्त मनीष कुमार पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं, जबकि रांची मुख्यालय से वित्तीय टीम भी जांच के लिए पहुंच चुकी है। इस बीच गोइलकेरा क्षेत्र से एक आरक्षी को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध खातों और लेन-देन की बारीकी से जांच की जा रही है। बैंकिंग डाटा जुटाया जा रहा है और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
लेखा विभाग के कर्मियों से पूछताछ जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस के लेखा विभाग में काम कर रहे दो कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पैसे की निकासी किस तरीके से और कितने समय में की गई। फिलहाल हिरासत में लिए गए सिपाही पर ही शक जताया जा रहा है, लेकिन उसके जरिए निकाली गई रकम का पूरा हिसाब अभी सामने नहीं आया है। जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

