
रांची: रांची से गोरखपुर लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में विनय श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (58), बेटा कृतार्थ (27), चालक रविंद्र यादव (20, निवासी मटिहानी, गया, बिहार) और दूसरा चालक पुरुषोत्तम कुमार (28, निवासी गया, बिहार) शामिल हैं। घटना शनिवार सुबह करीब 3 बजे उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन पर दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बसारथपुर के पास हुई। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो (नंबर JH 21G3927) रांची से गोरखपुर की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
झपकी बनी मौत की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन पर से नियंत्रण खो गया। स्कॉर्पियो अपनी लेन से हटकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
शादी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीह निवासी विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी मंशा की शादी के लिए रांची गए थे। शादी 20 अप्रैल को संपन्न हुई थी। सभी रस्में पूरी करने के बाद परिवार शुक्रवार शाम को रांची से गोरखपुर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन यह सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।

